टूंडला (फिरोजाबाद)। गार्ड-ड्राइवर लॉबी के बाथरूम में रविवार शाम डॉ. भीमराव आंबेडकर की फोटो रखने का वीडियो वायरल होने के बाद सोमवार हंगामा खड़ा हो गया। भीम आर्मी के कार्यकर्ता और अनुसूचित जाति के लोगों ने लॉबी में घुसकर जमकर बवाल किया। हंगामे के कारण रेल कर्मी कार्यालयों से बाहर आ गए और अधिकारियों को जानकारी दी। सूचना पर रेलवे पुलिस और सिविल पुलिस के साथ पहुंचे अधिकारियों ने फोटो को कार्यालय में लगवाते हुए स्थिति को संभाला।
प्रयागराज के डीआरएम के निरीक्षण को लेकर रविवार को रेलवे गार्ड ड्राइवर लॉबी सफाई कराया गया था। ऐसे में कर्मचारी द्वारा डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित अन्य तस्वीरों को उतारकर नीचे रख दिया गया। रविवार शाम सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें बाथरूम से एक युवक डॉ. आंबेडकर की फोटो को बाहर लाते हुए नजर आ रहा था। वीडियो बनाने वाले युवक का आरोप था कि आंबेडकर की फोटो को ओछी मानसिकता के चलते यहां रखवाया गया है।
वायरल वीडियो की जानकारी पर आक्रोशित भीम आर्मी व अनुसूचित जाति के लोग सोमवार सुबह गार्ड ड्राइवर लॉबी पर पहुंच गए। उन्होंने कार्यालयों में घुसकर जमकर हंगामा किया। हंगामा होने पर रेल कर्मचारियों ने आरपीएफ, जीआरपी के अलावा सिविल पुलिस को बुला लिया। मामला बिगड़ता देख तस्वीर को पुन: गार्ड-ड्राइवर लॉबी पर लगाकर मामला शांत कराया गया।
रेल कार्यालय में इस तरह बाहरी लोगों का आना और हंगामा करना गलत है। बाबा साहब के फोटो को सफाई के दौरान हटाया गया था। इसे दोबारा लगाया जाना था। महापुरुषों के नाम पर राजनीति करना गलत है।
अमित कुमार सिंह
जनसंपर्क अधिकारी, प्रयागराज मंडल