पुलिस भर्ती परीक्षा में फिरोजाबाद में पांच सॉल्वर सहित सात गिरफ्तार किए गए। जांच के दौरान पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया। परीक्षा कड़ी निगरानी में संपन्न हुई।
फिरोजाबाद में पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान शनिवार को जिले में पांच सॉल्वर सहित सात को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो बिहार के निवासी हैं। केंद्र व्यवस्थापक की ओर ने इनके खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराया है। शुक्रवार की रात पुलिस ने पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया।
विज्ञापन
पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान शिकोहाबाद पुलिस व एसओजी की टीम सक्रिय थीं। एसपी ग्रामीण रणविजय सिंह ने बताया कि प्रथम पाली में शिकोहाबाद के प्रहलादराय टिकमानी में थाना नसीरपुर के हरिहा निवासी सचिन के स्थान पर अमित कुमार निवासी लौरिया चंपारण बिहार पकड़ा गया।
दूसरी पाली में मक्खनपुर के नवादा के राजेश्वरी देवी निहाल सिंह चौहान इंटर कॉलेज में थाना सिरसागंज के नाइन निवासी सुनील के स्थान पर बिहार के जिला बेगूसराय थाना शाहपुर कमला निवासी राहुल को गिरफ्तार किया है। बायोमेट्रिक मिलान न होने पर पकड़े गए हैं। शुक्रवार की शाम पांच तथा शनिवार को तीन संंदिग्धों को हिरासत में लिया है।
टूंडला के ठाकुर वीरी सिंह डिग्री कॉलेज में नसीरपुर के रुधऊ निवासी पंकज चंद्रा के स्थान पर उसी का भाई मुकुल चं द्रा पेपर देने पहुंचा। बायोमेट्रिक मिलान नहीं होने पर उसे गिरफ्तार किया है। एसपी सिटी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि थाना उत्तर पुलिस, एसओजी, सर्विलांस ने सॉल्वर गैंग के दो सरगना सहित दो अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है।
सरगना ने बायोमेट्रिक पास कराने के लिए ग्लूस्टिक से फिंगरप्रिंट भी तैयार किए थे। सरगना ने फर्जी दस्तावेज तैयार करने के बाद परीक्षार्थियों से परीक्षा पास कराने के लिए 10 लाख रुपये में सौदा तय किया था। इन चारों के पास से आठ आधारकार्ड, सात प्रवेश पत्र, 16 फ्रिंगर प्रिंट पेपर, चेकबुक, स्टांप स्याही पैड, चार सिलिकॉन पट्टी, पासबुक के साथ करीब 20200 रुपये की नकदी बरामद की है।
सॉल्वर गैंग का सरगना थाना बसई मोहम्मदपुर के गांव नगला गोकुल निवासी हरिशंकर यादव उर्फ हरिओम व दक्षिण थाना क्षेत्र के प्रेमपुर रैपुरा निवासी रमनेश हैं। यह दोनों थाना उत्तर के ककरऊ निवासी अभ्यर्थी अभिषेक यादव और नितिन यादव की जगह परीक्षा देने की तैयारी कर रहे थे।
नितिन की दाऊदयाल कॉलेज एवं अभिषेक की ठाकुर बीरी सिंह डिग्री कॉलेज में परीक्षा थी। सरगना हरिशंकर उर्फ हरिओम ने 10 लाख रुपये में सौदा तय किया था। दोनों अभ्यर्थी से पांच-पांच लाख रुपये में सौदा हुआ था। इसमें से 57 हजार रुपये एडवांस में लिए थे।