मैनपुरी जिले में पंचायत चुनाव के लिए मतदाताओं में गजब का उत्साह नजर आया। जिले में कुल 72.16 प्रतिशतमतदान हुआ। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर भीड़ नजर आई। चिलचिलाती धूप और कोरोना का डर भी मतदाताओं का उत्साह कम नहीं कर सका। कई मतदान केंद्रों पर देर शाम तक मतदाताओं की कतारें लगी रहीं। छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
विज्ञापन
सोमवार को जिले में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पद के लिए मतदान हुआ। सुबह सात बजे जिले के नौ ब्लॉकों के 2085 मतदेय स्थलों पर मतदान शुरू हुआ। मतदान करने के लिए सुबह से ही मतदाताओं की भीड़ पहुंचना शुरू हो गई थी। इसके कारण कई मतदान केंद्रों पर लंबी लाइनें नजर आईं।
कुछ ही देर में धूप बढ़ी तो गर्मी ने भी लोगों को बेहाल करना शुरू कर दिया। वहीं दूसरी और भीड़ में कोरोना संक्रमण का खतरा भी लोगों को सता रहा था। इन सबकी परवाह किए बगैर मतदाताओं ने मतदान किया। कई केंद्रों पर मतदाताओं को कतार में घंटों तक इंतजार करना पड़ा। इसके बाद भी वे नहीं डिगे और मतदान करने क बाद ही वापस लौटे।
विज्ञापन
छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह, एसपी अविनाश पांडेय पुलिस फोर्स के साथ जिलेभर में भ्रमणशील रहे। वहीं सीडीओ ईशाप्रिया ने कंट्रोल रूम की कमान संभालने के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण करके सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
ऐसे बढ़ा मतदान का प्रतिशत
-07 बजे सुबह शुरू हुआ जिले में मतदान
-10.7 प्रतिशत नौ बजे तक हुआ मतदान
-19.9 प्रतिशत 11 बजे तक हुआ मतदान
-38.05 प्रतिशत दोपहर एक बजे तक हुआ मतदान
-54.27 प्रतिशत अपराह्न तीन बजे तक हुआ मतदान
-63.13 प्रतिशत शाम पांच बजे तक हुआ मतदान
-........प्रतिशत हुआ कुल मतदान
आठ जगह हुई फायरिंग, बीस स्थानों पर हुई मारपीट
जिले में पंचायत चुनाव के मतदान के दौरान बड़ी वारदात नहीं हुई, लेकिन कंट्रोल रूम में आठ स्थानों पर फायरिंग की और बीस स्थानों पर मारपीट की घटनाएं दर्ज की गईं। किशनी और बिछवां में प्रत्याशियों की गाड़ियां पथराव करके तोड़ दी गईं। मारपीट की घटनाओं में पांच प्रत्याशी भी घायल हुए।
किशनी क्षेत्र के गांव महौली कछपुरा बूथ पर प्रधान प्रत्याशी व पूर्व प्रधान के बीच वोट डलवाने को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्ष के बीच मारपीट और पथराव हो गया। एक प्रत्याशी रामशरण पाल सिर में ईंट लगने से घायल हो गया। वहीं फरैंजी में मतदान को लेकर हुए झगड़े के दौरान भाजपा के बूथ इंचार्ज के साथ रमेश यादव द्वारा मारपीट की गई।
चतुरीपुर बूथ पर प्रधान प्रत्याशी रमेश यादव पर विपक्षी दो प्रत्याशियों ने हमला कर घायल कर दिया। मारपीट की उक्त घटना वहां लगे सीसीटीवी में भी कैद हुई है। वहीं जिला पंचायत सदस्य विपिन कठेरिया का किसी प्रत्याशी से विवाद हो गया। विपिन ने गाड़ी का शीशा तोड़े जाने का आरोप लगाया है।
इसके अलावा औंछा के ईसई मांझपाटी में पथराव और फायरिंग हुई। वहीं दन्नाहार क्षेत्र के गांव लालपुर में मारपीट और फायरिंग हुई। करहल क्षेत्र के गांव असरोही, करहल देहात तहसील के पास, गांव दोस्तपुर, गांव जगन्नाथपुर आदि स्थानों पर फायरिंग की घटनाएं हुईं।
एलाऊ क्षेत्र के बिरतिया पोलिंग बूथ पर मारपीट की घटना में अजय सिंह, विजय सिंह, राजीव, आनंद, शिव और शैलेंद्र घायल हो गए। कुसमरा क्षेत्र के गांव इंदरपुर में वोट मांगने को लेकर रविवार की रात विवाद के बाद मारपीट हो गई।