एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना से प्रदेश के हर जिले का औद्योगिक विकास होगा। कुटीर और लघु उद्योगों को हर जिले में ऐसे विकसित किया जाएगा कि हर हाथ को काम मिले और दुनिया उनका हुनर देखे। बुलेट ट्रेन की तर्ज पर ओडीओपी योजना प्रदेश का नाम उद्योगों में चमकाएगी।
विज्ञापन
यह कहना है प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री सत्यदेव पचौरी का। वो गुरुवार को आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में आयोजित ओडीओपी समिट में आए थे। उन्होंने 15 जिलों के 67 हजार से ज्यादा आवेदकों के लिए 4531 करोड़ रुपये लोन देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा सम्मान योजना के तहत 242 श्रमिकों को टूल किट प्रदान कीं। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना एवं प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत कुल 260 लोगों को चेक दिए गए।
विज्ञापन
Trending Videos
टीटीजेड को राहत
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अमेजन और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज से करार किए गए हैं। जीरो इफेक्ट, जीरो डिफेक्ट पर काम करते हुए गुणवत्ता सुधारी गई है। पर्यावरण प्रतिबंधों से ताज ट्रिपेजियम जोन को कुछ राहत दी गई है।
उन्होंने समिट में लगाई प्रदर्शनी में आगरा के लेदर, फिरोजाबाद के कांच के उत्पाद, संभल का बोन, हॉर्न शिल्प, कानपुर के लेदर प्रोडक्ट, कन्नौज का इत्र, लखीमपुर खीरी के ट्राइबल क्राफ्ट, फतेहपुर की बेड शीट, श्रावस्ती के जनजातीय हस्तशिल्प, झांसी के साफ्ट टॉयज, जालौन के हस्तनिर्मित कागज, हमीरपुर की जूती, बांदा का शजर पत्थर उत्पाद, महोबा के गौरा पत्थर उत्पाद, देवरिया के सजावटी उत्पाद, कुशीनगर के केले के रेशे से बने उत्पादों को देखा।
एमएसएमई मंत्री सत्यदेव पचौरी ने खुले मंच पर कहा कि बीती सरकार में उद्योग विभाग के अधिकारियों के पास काम नहीं था। उनको जंग लग गई थी। कलक्टर अफसरों से बेगार कराया करते थे, लेकिन अब ओडीओपी योजना में हमारे अधिकारी व्यस्त हैं और काम में जुटे रहते हैं।
एमएसएमई मंत्री पचौरी ने कहा कि 20 एकड़ में छोटे औद्योगिक पार्क बनाने पर जल्द ही कैबिनेट निर्णय लेगी। लघु उद्योगों के संरक्षण के लिए हर जिले में कॉमस फैसिलिटी सेंटर बनाए जा रहे हैं। यहां 75 उत्पादों के लिए कच्चा माल, मार्के टिंग और ट्रेनिंग की सुविधा मिल पाएगी।
प्रदेश के औद्योगिक आयुक्त के रवींद्र नायक, एमएसएमई प्रमुख सचिव भुवनेश कुमार, एमएसएमई निदेशक आरके कपूर, सीएफटीआई निदेशक सनातन साहू, संयुक्त आयुक्त अंजू रानी, उपायुक्त योगेश कुमार, सहायक आयुक्त सौम्या सिंह, एफमेक अध्यक्ष पूरन डावर, वीरेंद्र कुमार, गोपाल गुप्ता, कैप्टन एएस राना, आके शुक्ला, अंकित सहगल, भरत सिंह आदि मौजूद रहे।