रात-दिन पहरेदारी कर रहे सपा कार्यकर्ता
मतगणना स्थलों पर सपा प्रत्याशी और उनके समर्थक भी रात-दिन पहरेदारी कर रहे हैं। आगरा की शाहदरा मंडी समिति परिसर में मंगलवार को रातभर सपा कार्यकर्ता डटे रहे। बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं के मंडी समिति पहुंचने की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने प्रत्याशियों को छोड़कर सभी को मतगणना स्थल से बाहर निकलने को कहा। इस पर सपा प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। उन्होंने बाहर जाने से इंकार कर दिया।
मामला बढ़ने पर एसडीएम एत्मादपुर, सीओ छत्ता और एसीपी भी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। काफी देर बहस के बाद कार्यकर्ता मंडी समिति से बाहर निकल गए। इसके बाद सपा कार्यकर्ता मंडी समिति के बाहर रोड पर बैठकर ढोलक और मंजीरे के साथ हरे-कृष्णा का कीर्तन करने लगे। सपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि अब मतगणना तक वो यहां से नहीं हटेंगे।
रात में सपा पदाधिकारी भी मंडी परिसर पहुंचे
रात 12 बजे सपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा और राष्ट्रीय सचिव अवनींद यादव भी पहुंचे। अवनींद यादव ने कहा कि एग्जिट पोल से जनता को गुमराह किया जा रहा है। प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी। उन्होंने अपने अभिकर्ताओं के लिए कहा कि गलती की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी उपेंद्र सिंह ने कहा कि दस मार्च को एग्जिट पोल गलत साबित होंगे। एक्जिट पोल में बंगाल में भाजपा सरकार बनने का दावा किया जा रहा था लेकिन वहां क्या हुआ किसी से छुपा नही है।