कलक्ट्रेट से 100 मीटर दूर खड़े होंगे वाहन
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम प्रभु एन सिंह का कहना है कि नामांकन स्थल पर कोई वाहन प्रवेश नहीं करेगा। सभी वाहन नामांकन स्थल से 100 मीटर दूर खड़े होंगे। पर्चा भरने के लिए नामांकन कक्ष में पार्टी प्रत्याशी के साथ दो लोगों को प्रवेश मिलेगा। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी के साथ उनके प्रस्तावकों को प्रवेश मिलेगा।
सभी नौ सीटों के लिए अलग-अलग नामांकन कक्ष हैं। सुबह 11 बजे से अपराह्नन तीन बजे तक पर्चे जमा होंगे। 21 जनवरी को नामांकन का अंतिम दिन होगा। जिसके बाद 24 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच और 27 जनवरी को नाम वापसी का दिन होगा। 10 फरवरी को जिले की सभी सीटों पर पहले चरण में मतदान होगा।
प्रमाण पत्र व प्रपत्र कराए तैयार
नामांकन पत्र के साथ प्रत्याशियों को जाति प्रमाण पत्र, अदेयता प्रमाण पत्र, अनापत्ति पत्र आदि संलग्न करने होंगे। जिसके लिए प्रत्याशियों के समर्थक दो दिन से तहसील, नगर निगम और जिला पंचायत कार्यालय में चक्कर काट रहे हैं। जिनके प्रपत्र तैयार हैं, वो सोमवार को पर्चा भर सकते हैं।
एमजी रोड जाने से बचें
प्रत्याशियों के नामांकन के दौरान एमजी रोड पर यातायात प्रभावित हो सकता है। ऐसे में अगर आप कलेक्ट्रेट की तरफ जा रहे हैं तो एमजी रोड होकर जाने से बचें। हालांकि प्रशासन का कहना है कि यातायात पुलिस की ड्यूटी लगाई है। कोई भी प्रत्याशी नामांकन के दौरान भीड़ नहीं जुटाएगा।