बसपा प्रत्याशी साजिया हसन और पंकज मिश्रा
- फोटो : अमर उजाला
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने फिरोजाबाद सदर विधानसभा सीट से बबलू कुमार उर्फ गोल्डी राठौर एवं सिरसागंज विधानसभा से पूर्व चेयरमैन ठाकुर राघवेंद्र सिंह का टिकट ऐनवक्त पर काट दिया है। फिरोजाबाद से सपा के पूर्व विधायक अजीम भाई की पत्नी साजिया हसन और सिरसागंज से पंकज मिश्रा को प्रत्याशी बनाया है। बसपा के जोन कोआर्डिनेटर हेमंत प्रताप सिंह ने टिकट बदले जाने की पुष्टि की है।
सपा के पूर्व विधायक अजीम भाई समाजवादी पार्टी द्वारा उनके साथी सैफुर्रहमान उर्फ छुट्टन भाई को प्रत्याशी बनाए जाने से बागी हो गए थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल करते हुए अपने गुस्से का इजहार करने के साथ समाज के लोगों के साथ देने की अपील की थी। इस वायरल वीडियो में पूर्व विधायक ने अपने 19 माह जेल में रहने का जिक्र किया था।
साजिया ने पहले ही खरीद लिया था नामांकन पत्र
सपा की ओर से प्रत्याशी नहीं बनाने के साथ उनकी पत्नी साजिया हसन ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन खरीद लिया था। बसपा की ओर से फिरोजाबाद विधानसभा से बबलू कुमार उर्फ गोल्डी राठौर का नाम सुर्खियों में होने के साथ गुरुवार को बसपा ने जिले की पांचों विधानसभा के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी थी। लेकिन शुक्रवार शाम को अचानक प्रत्याशी बदल दिए।