आगरा। लखनऊ विश्वविद्यालय की बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है। अब काउंसिलिंग के लिए कॉलेजों के नाम भेजे जाने हैं। अभी तक 144 कॉलेजों ने संबद्धता पत्र में बताई गई कमियों को दूर नहीं किया है। कुल 224 बीएड कॉलेजों को नोटिस जारी किया गया था। इसमें से 80 कॉलेजों ने ही कमियां दूर करने का प्रमाणपत्र दिया है।
विवि के प्रभारी कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने बताया कि शासन के निर्देश पर अस्थायी संबद्धता वाले कॉलेजों की संबद्धता अवधि तो बढ़ा दी गई है, पर छात्रों का प्रवेश लेने के लिए कमियों को दूर करने की शर्त रखी गई है। जिससे छात्र-छात्राओं को संबंधित कॉलेजों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो सके। कॉलेजों में अनुमोदित शिक्षक और जरूरी संसाधन तक नहीं है। कॉलेजों को जारी नोटिस में कहा गया है कि संबद्धता पत्र में बताई गई कमियों को दूर करने पर ही कॉलेजों के नाम बीएड काउंसिलिंग में भेजा जाएगा। कॉलेजों को 31 अगस्त का समय दिया गया है। करीब 80 कॉलेजों ने प्रमाणपत्र दिया है, इनकी जांच कराई जाएगी। हो सकता है कि कुछ और कॉलेज अभी आ जाएं। आखिरी तारीख बीत जाने के बाद जो कॉलेज कमियों को पूरा नहीं करेंगे, उनके संबंध में निर्णय लिया जाएगा।