आगरा। डॉॅ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का पुस्तकालय ई-लाइब्रेरी के तौर पर विकसित होगा। प्रभारी कुलपति प्रो. विनय पाठक ने पुस्तकालय का निरीक्षण करने के बाद बैठक में ई-लाइब्रेरी के कार्य को तेजी से करने के निर्देश दिए हैं।
प्रभारी कुलपति सोमवार की शाम करीब चार बजे विश्वविद्यालय के पुस्तकालय पहुंचे। उन्होंने पुस्तकालय को ई-लाइब्रेरी के लिए सोल सॉफ्टवेयर को प्रभारी रूप से प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इसके जरिये से ही पुस्तकों का आदान-प्रदान करने के लिए कहा। ई-लाइब्रेरी की सुविधा होने से छात्र पुस्तकें, शोध पत्र पढ़ सकेंगे। इसके लिए सभी कर्मचारियों अनिवार्य रूप से कंप्यूटर प्रशिक्षण दिए जाने को भी कहा है। इस पर पुस्तकालय विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. यूसी शर्मा ने बताया कि सॉफ्टवेयर के लिए बारकोड स्कैनर, प्रिंटर और अन्य उपकरणों की खरीद के ऑर्डर हो चुके हैं। छात्रों को सहयोग के लिए इंटर्न के तौर पर भी पुस्तकालय में भेजा जाएगा। छात्रों के लिए पोर्टल बनाकर ई-रिसोर्स की सुविधा भी दी जाएगी। जल्द ही पुस्तकालय समिति का पुनर्गठन भी किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक विभाग से एक-एक शिक्षक को शामिल किया जाएगा। बैठक में प्रति कुलपति प्रो. अजय तनेजा, प्रो. संजीव शर्मा, प्रो. वीके सारस्वत, प्रो. प्रदीप श्रीधर, प्रो. मोहम्मद अरशद, डॉ. सुनील उपाध्याय आदि मौजूद रहे।