मैनपुरी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ब्रज प्रांत द्वारा संघ शिक्षा वर्ग प्रथम वर्ष का आयोजन किया जा रहा है। प्रशिक्षण आगरा रोड स्थित एसएस कॉलेज ऑफ फार्मेसी असरगढ़ी में 25 मई से 15 जून तक होगा। तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है।
शनिवार को कॉलेज परिसर में भूमि पूजन हुआ। महामंडलेश्वर स्वामी हरिहरानंद सरस्वती के सानिध्य में हवन पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर महामंडलेश्वर ने कहा प्रशिक्षण से व्यक्ति के व्यक्तित्व का विकास होता है तथा व्यक्ति के कार्य में कुशलता आती है। उन्होंने प्रथम शिक्षा वर्ग की सफलता की कामना की। विभाग प्रचारक धर्मेंद्र ने बताया कि वर्ष 2008 के बाद अब मैनपुरी में संघ शिक्षा वर्ग होने जा रहा है। भूमि पूजन कार्यक्रम में प्रांत सह सेवा प्रमुख उमेश, प्रांत सह बौद्ध प्रमुख सतीश समर्थ, जिला प्रचारक धर्मेंद्र, विभाग प्रचारक धर्मेंद्र, सह विभाग कार्यवाह बृजेश, विभाग संघ चालक वीरेंद्र सिंह व जिला संघचालक रामनाथ के अलावा कॉलेज के चेयरमैन शत्रुघ्न सिंह चौहान, प्रबंध निदेशक डॉ. गौरव चौहान, प्राचार्या डॉ. आकांक्षा चौहान आदि मौजूद रहे।