मैनपुरी। कुरावली मार्ग पर सोमवार को एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में कार सवार दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से दोनों को मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया। यहां एक छात्र ने दम तोड़ दिया। छात्र एक महाविद्यालय में पेपर देने के बाद घर लौट रहे थे।
कोतवाली क्षेत्र के राधारमन रोड निवासी उज्ज्वल (19) बीकॉम का छात्र था। सोमवार को वह कुरावली में रूप नगर स्थित महाविद्यालय में पेपर देने गया था। परीक्षा देने के बाद वह साथी अरुण निवासी आवास विकास कॉलोनी के साथ कार से घर लौट रहा था। कोतवाली क्षेत्र में मैनपुरी कुरावली मार्ग पर किरण सौजिया स्कूल के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
हादसे में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से दोनों को मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान उज्ज्वल ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीत्कार मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया।