आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की 2020-21 की मुख्य परीक्षा में नकल के प्रकरणों की जांच करने के लिए यूएफएम (अनफेयर मींस) समिति गठित की है। यह सामूहिक नकल और व्यक्तिगत नकल के मामलों की जांच करते हुए कार्रवाई की संस्तुति करेगी।
परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव ने बताया कि मुख्य परीक्षा में केंद्रों पर सामूहिक नकल और व्यक्तिगत नकल के मामले मिले थे। खासतौर से 20 अगस्त को मथुरा के कॉलेज में बोल-बोलकर नकल कराने का वीडियो वायरल हुआ था।
इन सभी की जांच करने के लिए इंस्टीट्यूट ऑफ होटल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट के निदेशक प्रो. लवकुश मिश्रा के नेतृत्व में पांच सदस्यों की समिति बनाई है।
इसमें इंस्टीट्यूट ऑफ बेसिक साइंस के प्रो. संजीव कुमार, आईटीएचएम के डॉ. यूएन शुक्ला, सेंट जोंस कॉलेज और राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य हैं। रिपोर्ट तैयार कर कुलपति इनकी सिफारिश पर नकल के दोषियों पर कार्रवाई तय करेंगे।