आगरा। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परिणाम में जिले के 3280 विद्यार्थियों को प्रमोट किया गया है। इनके परिणाम में अंक नहीं दिए गए हैं। वहीं, इंटरमीडिएट के तमाम विद्यार्थियों के परिणाम में विद-हेल्ड लिखा हुआ है। विद्यार्थी विद्यालय पहुंच रहे हैं। उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। बोर्ड की ओर से जारी क्षेत्रीय कार्यालय, मेरठ के नंबर- 0121-2660742 पर बात नहीं हो पा रही है।
आरबीएस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. यतेंद्र पाल सिंह ने बताया कि उनके विद-हेल्ड और प्रमोटेड श्रेणी में शामिल 16 विद्यार्थियों के प्रार्थनापत्र आ चुके हैं। इनकी समस्या के समाधान के लिए बोर्ड की ओर से जारी नंबर पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, फोन लग नहीं रहा है। अब बोर्ड की ओर से जारी ई-मेल आईडी पर जरूरी प्रमाणपत्र स्कैन करके अपलोड किए जाएंगे। एमडी जैन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जीएल जैन ने बताया कि उनके यहां के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 22 विद्यार्थियों के परिणाम पर प्रमोटेड और पांच के परिणाम पर विद-हेल्ड लिखा है। बोर्ड की ओर से जारी नंबर पर संपर्क किया गया, बात नहीं हो सकी। ई-मेल पर छात्रों की समस्याएं जरूरी प्रमाणपत्रों के साथ डाली जाएंगी।
बीआरआई इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राजकुमार कुशवाहा ने बताया कि उनके यहां के पांच विद्यार्थियों की अंकतालिका में विद-हेल्ड लिखा हुआ है। बोर्ड के नंबर पर बात नहीं हो रही है। जरूरी प्रमाणपत्र लेकर प्रतिनिधि को क्षेत्रीय कार्यालय मेरठ भेजा जाएगा।