आगरा-फतेहपुर सीकरी हाईवे पर रविवार की सुबह दो युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। सड़क हादसा मानकर पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक मृतक अभुआपुरा तथा दूसरा वार्ड नंबर 6 रेलवे कॉलोनी किरावली का रहने वाला था।
एनएच-11 हाईवे पर रविवार की सुबह करीब 6 बजे अभुआपुरा के समीप एक युवक का शव मिला। जिसकी पहचान मनीष (23) पुत्र चोब सिंह निवासी अभुआपुरा के रूप में हुई। घरवालों ने बताया कि मनीष सुबह करीब पांच बजे घूमने निकला था। पुलिस के अनुसार उसके कानों में लीड लगी हुई थी। माना जा रहा है कि इसी कारण वो किसी वाहन की चपेट में आ गया।
थोड़ी दूरी पर मिला दूसरा शव
इसके थोड़ी ही दूर पर एक अन्य युवक का भी शव मिला। जिसकी पहचान स्टेशन रोड किरावली के मुकेश (38) पुत्र टेकचंद्र के रूप में हुई। मृतक के पिता टेकचंद्र ने बताया कि मुकेश नरेश के कबाड़ के गोदाम पर चौकीदारी का काम करता था। वहीं सोता था। यह घटना कैसे और कब हुई। उन्हें कुछ नहीं पता।