आगरा में बुधवार को क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो महिलाओं की मौत हो गई। दोनों हादसे सड़क पार करते समय हुए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहला हादसा बुधवार दोपहर करीब दो बजे देव कॉलेज कट के पास हुआ। अलीनगर केंजरा थाना टूंडला फिरोजाबाद निवासी कलावती (50) पत्नी हरिओम अपने परिजनों के साथ सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान अज्ञात पिकअप वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में कलावती की मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन
वहीं, दूसरा हादसा कुबेरपुर पुल के नीचे हुआ। नगला बिठौली तहसील शिकोहाबाद फिरोजाबाद निवासी गीता देवी (45) पत्नी बालकृष्ण नोएडा से शिकोहाबाद जा रही थीं। कुबेरपुर पुल के नीचे सड़क पार करते समय आगरा की ओर से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने गीता देवी को उपचार के लिए श्रीकृष्ण अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने गीता देवी को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को मोर्चरी भिजवाया और मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। एसीपी देवेश सिंह ने बताया कि वाहन चालकों के नंबर से उनकी जानकारी जुटाई जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।