मैनपुरी जनपद के करहल थाना क्षेत्र के गांव नगला खुंडे में गुरुवार की शाम प्लॉट के लेकर दो पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई। गोली लगने से वृद्ध सहित दो लोगों की मौत हो गई। मौके पर पुलिस बल गांव पहुंच गया। दोनों पक्ष की ओर से आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थाना क्षेत्र के गांव नगला खुंडे निवासी आनंद और परमानंद के बीच गांव स्थित एक प्लॉट के स्वामित्व को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। विवाद न्यायालय में भी विचाराधीन है। पूर्व में दोनों पक्ष के लोगों में मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। गुरुवार की शाम उक्त प्लॉट पर टेंपो खड़ा करने को लेकर दोनों पक्ष के लोगों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद जमकर मारपीट और फिर कई राउंड फायरिंग हुई। फायरिंग से गांव में दहशत का माहौल बन गया। फायरिंग के दौरान आनंद का 35 वर्षीय भाई देवेंद्र गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं परमानंद पक्ष के 65 वर्षीय वृद्ध योगराज की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। फायरिंग की सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक शिव कुमार चौहान बड़ी संख्या में पुलिस बल नगला खुंडे पहुंच गया, देवेंद्र को परिजन मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने देर रात ही कुछ संदिग्धों को दबिश देकर हिरासत में ले लिया, वहीं कुछ असलहा भी बरामद किए।
घटना के बाद मृतक देवेंद्र के भाई श्रीकृष्ण ने रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें कहा है कि योगराज से गांव में एक प्लाट खरीदा था। इस प्लॉट पर नंद किशोर कब्जा करना चाहता था। गुरुवार को टेंपो खड़ा करने को लेकर हुए विवाद के बाद नंद किशोर, परमानंद, प्रांशू और सुखवीर ने गाली गलौज व मारपीट की। नंद किशोर ने भाई देवेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी। दूसरे पक्ष से परमानंद की पत्नी पुष्पा देवी ने रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि गांव स्थित एक प्लॉट को आनंद अपना बताता है। गुरुवार को टेंपो खड़ा करने को लेकर उसके जेठ नंद किशोर से झगड़ा हो गया। इसके बाद आनंद, श्रीकृष्ण, राजेश और देवेंद्र (मृतक) ने गाली गलौज व मारपीट की। तमंचा से तऊआ ससुर योगराज की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
जमीन के विवाद को लेकर दो पक्ष में हुई फायरिंग के दौरान दो लोगों की मौत हुई है। तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कुछ लोगों को असलहा सहित पकड़ा है। जल्द ही पुलिस सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजेगी।
- अशोक कुमार राय, एसपी