मैनपुरी। जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। यहां सांस लेने की दिक्कत के चलते पहुंचे दो मरीजों की मौत हो गई। वहीं 498 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया। जिला अस्पताल पहुंचे तीन मरीजों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया है।
जिला अस्पताल की ओपीडी में बृहस्पतिवार को सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। फिजीशियन डॉ. जेजे राम के पास 200 से अधिक बुखार के मरीज उपचार के लिए पहुंचे। 17 मरीजों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। भोगांव थाना क्षेत्र के मोहल़्ला ऊपरटीला निवासी खुशीराम की 47 वर्षीय पत्नी वंदना वर्मा को पिछले कुछ दिनों से सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। बृहस्पतिवार को परिजन हालत बिगड़ने पर उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बिछवां थाना क्षेत्र के गांव सैदपुर बघौली निवासी 60 वर्षीय सुरेंद्र सिंह को सीने में तेज दर्द के साथ सांस लेने में दिक्कत हुई।परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉम्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तीन मरीजों को गंभीर हालत देखते हुए मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया।