मैनपुरी। जिले में सांस लेने की दिक्कत के चलते बुजुर्गों की लगातार मौत हो रही है। मंगलवार को जिले के अलग-अलग क्षेत्रो में सांस लेने की दिक्कत के चलते दो मरीजों की मौत हो गई। वहीं सात अन्य मरीजों को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है। जिला अस्पताल की ओपीडी में 746 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया।
मंगलवार को सुबह से ही जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ रही। अस्पताल में 356 पुरुष और 390 महिलाओं को प्राथमिक उपचार दिया गया। सांस लेने की दिक्कत के चलते सात मरीजों को भर्ती कराया गया, जिनमें से तीन को मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर कर दिया गया। शहर के मोहल्ला अग्रवाल निवासी 60 वर्षीय उर्मिला देवी को पिछले कुछ दिनों से दिक्कत थी। परिजन उनका आगरा में उपचार करा रहे थे। राहत मिलने पर परिजन उन्हें घर ले आए थे। मंगलवार की सुबह अचानक उन्हें दिक्कत हुई, परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। देवामई निवासी 72 वर्षीय जवाहर सिंह को भी मंगलवार को सांस लेने में दिक्कत हुई, परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।