आगरा के संजय प्लेस स्थित कैफे में शुक्रवार को पार्टी करने के बाद दो किशोरी लापता हो गईं। दोनों के साथ गए दो युवक और एक सहेली घर पहुंच गए। मगर, किशोरियों का अब तक पता नहीं चला है। इससे किशोरियों के परिजन चिंतित हैं। उन्होंने शनिवार को पुलिस को सूचना दी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर दोनों किशोरों की तलाश में जुट गई है। वहीं शाहगंज क्षेत्र के एक अन्य मोहल्ले से किशोरी लापता है। उसको भी पुलिस तलाश रही है।
लोहामंडी क्षेत्र की रहने वाली किशोरी 17 साल की है। उसकी दोस्ती शाहगंज क्षेत्र की किशोरी से है। वह 14 साल की है। शुक्रवार को दोनों शाहगंज में मिले। इसके बाद स्कूटी से संजय प्लेस गए। दो युवकों और एक अन्य सहेली के साथ कैफे में पार्टी की। इसके बाद सहेली और दोनों युवक रात में घर पहुंच गए। दोनों किशोरी नहीं पहुंची। इनमें से बड़ी वाली शनिवार दोपहर तक व्हाट्स एप पर मैसेज सीन कर रही थी। मगर, कोई जवाब नहीं दे रही थी।
पहले परिजनों ने खुद ही तलाश की, लेकिन बाद में पुलिस को सूचना दी। एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है। लापता किशोरियों की सहेली से बात की गई है। उसने यही कहा कि कैफे से निकलने के बाद नहीं पता कि वो दोनों कहां गईं। इस पर पुलिस टीम को लगाया गया है। दोनों की तलाश की जा रही है।