आगरा के बरहन थाना क्षेत्र के नगला गोकुल के पास शनिवार रात रेलवे ट्रैक पर काम कर रहे दो युवकों की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं।
आगरा के थाना बरहन क्षेत्र के नगला गोकुल के पास उस वक्त हड़कंप मच गया जब रेलवे ट्रैक पर काम कर रहे दो युवकों की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना शनिवार रात को हुई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
विज्ञापन
दुर्घटना में मारे गए युवकों की पहचान योगेंद्र पुत्र मोतीलाल (45 वर्ष) और रामबाबू पुत्र हुडीलाल (35 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों मृतक खरकना गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, दोनों युवक रेलवे ट्रैक पर काम कर रहे थे, तभी तेज गति से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गए। ट्रेन की टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दुखद घटना ने एक बार फिर रेलवे ट्रैक पर काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विज्ञापन
बता दें कुछ दिन पूर्व ही आगरा-झांसी रेलवे ट्रैक पर भी एक हादसा हुआ था, जिसमें अवर अभियंता के दोनों पैर कट गए। वे डाउन ट्रैक पर पैदल चल रहे थे। उसी दौरान पीछे से आ रही पैसेंजर ट्रेन ने उन्हें चपेट में ले लिया था। उनकी भी उपचार के दौरान मौत हो गई थी।