आगरा के अछनेरा रेलवे स्टेशन के पास हावड़ा एक्सप्रेस से प्रयागराज जा रहे 35 वर्षीय एयरफोर्स कर्मी का क्षत-विक्षत शव रेलवे ट्रैक पर मिला। पत्नी और बच्चों के साथ सफर कर रहे जवान ट्रेन से कैसे गिरे, इसकी जांच हादसे और आत्महत्या दोनों पहलुओं से की जा रही है।
आगरा के अछनेरा रेलवे स्टेशन के पास बृहस्पतिवार सुबह करीब 9 बजे रेलवे ट्रैक पर भारतीय वायुसेना के एक जवान का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। गर्दन और धड़ अलग-अलग पड़े मिले। सूचना पर जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
मृतक की पहचान राजस्थान के नागौर जिले के खींवसर निवासी नैना राम पुत्र करना राम उम्र 35 वर्ष एयरफोर्स कर्मी के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह पत्नी और बच्चों के साथ गांव से हावड़ा एक्सप्रेस से प्रयागराज जा रहे थे। अछनेरा स्टेशन के पास ट्रेन के गुजरने के दौरान वह संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन से नीचे गिर गए। जवान चलती ट्रेन से कैसे गिरे, इसे लेकर पुलिस जांच में जुटी है।
प्रारंभिक तौर पर हादसे में पैर फिसलने अथवा संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है, जबकि घटना की परिस्थितियों को देखते हुए आत्महत्या के पहलू से भी जांच की जा रही है। पुलिस ने किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है।
विज्ञापन
बताया गया कि मृतक की पहचान उनके पास मिले आईडी कार्ड और यात्रा टिकट से हुई। जीआरपी ने ट्रेन में मौजूद उनकी पत्नी और बच्चों से भी पूछताछ की है। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।