आगरा में कमला नगर पुलिस ने पुष्पा स्टाइल में शराब की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कैंटर में चोकर और भूसे के बीच शराब की 341 अलग-अलग ब्रांड की बोतलें छिपाकर ले जा रहे थे। जिनकी बाजार में अनुमानित कीमत 24.36 लाख रुपये बतायी गई।
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात कमला नगर पुलिस को शराब तस्करी की जानकारी मिली। सिकंदरा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे एक कैंटर को रोका गया। टीम को तीन बोरियां हटाने के बाद नीचे शराब के कार्टन रखे मिले।
हरियाणा के जिला सोनीपत थाना बड़ी क्षेत्र निवासी संदीप कश्यप और बागपत के थाना कोतवाली क्षेत्र के गांव निरोजपुर निवासी कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया। उनसे 341 पेटी शराब, कैंटर, दो मोबाइल, 170 बोरी चोकर व भूसा और एक हजार रुपये की नकदी बरामद की गई है।
चंडीगढ़ से बिहार ले जा रहे थे शराब
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बिहार में शराब बंदी है। इस वजह से वहां दोगुने दाम से अधिक रेट में बिक जाती है। पुलिस चेकिंग के दौरान पकड़े न जा सकें। इस वजह से यह वाला तरीका अपनाया था।