बरनाहल (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र में दिहुली सिरसागंज मार्ग पर शुक्रवार की शाम एक डीसीएम ने सामने से आ रहे टेंपो को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद टेंपो सड़क किनारे पलट गया। हादसे में चालक और एक महिला की मौत हो गई। वहीं छह लोग घायल हो गए, पुलिस ने सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज भिजवाया। शवों के पोस्टमार्टम इटावा में हुए हैं।
थाना क्षेत्र के गांव नगला भाईखां निवासी नवाब खां की पुत्री के निकाह का सामान शुक्रवार की शाम डीसीएम में लादकर फिरोजाबाद भेजा गया था। डीसीएम जब थाना क्षेत्र में दिहुली सिरसागंज मार्ग पर बिरथुआ तिराहा के पास पहुंची। तभी सिरसागंज की ओर से सवारियां लेकर आ रहे टेंपो में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद टेंपो कई पलटियां खाते हुए सड़क किनारे खड्ढ में पलट गया। हादसे में चालक 25 वर्षीय अंकित पुत्र विजय पाल निवासी निजामपुर गडुआ थाना शिकोहाबाद और टेंपो में बैठी 28 वर्षीय रिंकी पत्नी ब्रजकिशोर निवासी गांव सैयदपुर केहरी करहल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं टेंपो सवार छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने अंकित, रिंकी सहित सभी आठ लोगों को मेडिकल कॉलेज सैफई भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने महिला व टेंपो चालक अंकित को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायलों का इलाज वहां चल रहा है। शनिवार को शवों का पोस्टमार्टम इटावा स्थित मोर्चरी में कराया गया।