मैनपुरी। जिले में ह्दयाघात के मरीजों की दिक्कतें कम नहीं हो रही हैं। पिछले 24 घंटे में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में ह्दय की समस्या के चलते दो और मरीजों की मौत हो गई। वहीं चार मरीजों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से रेफर किया गया है। 599 मरीजों को ओपीडी में प्राथमिक उपचार दिया गया।
गलन भरी सर्दी के बीच जिले में ह्दयाघात के मरीजों की दिक्कतें बढ़ रही हैं। जनवरी माह में जिला अस्पताल पहुंचे 12 मरीजों की मौत हुई है। शहर के राधारमन रोड निवासी 70 वर्षीय सुरेश चंद्र यादव को सोमवार की रात अचानक ह्दयाघात हुआ। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव पहाड़पुर निवासी 80 वर्षीय श्यामदेवी को भी सोमवार की शाम ह्दय में दर्द हुआ। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लाए पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को जिला अस्पताल से ह्दय संबंधी समस्या के चार मरीज गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किए गए। मंगलवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ रही।