आगरा। महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) आगरा के लिए दोहरी खुशी लेकर आई है। एक ओर स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा मैदान पर यूपी वॉरियर्स की जीत के लिए पसीना बहा रही हैं। वहीं दूसरी ओर अनुभवी स्पिनर पूनम यादव टीवी कमेंट्री के जरिये करोड़ों दर्शकों तक अपनी क्रिकेट की समझ को पहुंचा रही हैं।
दीप्ति शर्मा डब्ल्यूपीएल में यूपी वॉरियर्स की रीढ़ बनी हुई हैं। खेल प्रेमियों की निगाहें हर मैच में अपनी इस चहेती खिलाड़ी पर टिकी रहती हैं। उधर, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकीं पूनम यादव अब डब्ल्यूपीएल में ही कमेंट्री बॉक्स से माइक्रोफोन पर दर्शकों का दिल जीत रही हैं। अपनी सटीक क्रिकेट समझ, शांत अंदाज और खिलाड़ियों की बारीकियों पर पैनी नजर के कारण पूनम की आवाज का जादू नई पहचान के साथ सामने आ रहा है।
पूर्व रणजी खिलाड़ी सर्वेश भटनागर का कहना है कि दीप्ति और पूनम की यह मौजूदगी शहर की बेटियों के लिए बड़ी प्रेरणा है। लड़कियां सिर्फ खेलने तक नहीं बल्कि कमेंट्री, कोचिंग और क्रिकेट के दूसरे क्षेत्रों में भी अपने कॅरिअर की कल्पना कर पा रही हैं।