अस्पताल में शिशु को जन्म देने के बाद प्रसूता की माैत हो गई। परिजनों ने हंगामा कर आरोप लगाया कि इलाज में लापरवाही के चलते जान गई है। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के ट्रांस यमुना फेस-2 स्थित उत्तम हॉस्पिटल में ऑपरेशन डिलीवरी के बाद एक प्रसूता की मौत हो गई। परिजन ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क पर शव रखकर करीब तीन घंटे तक हंगामा किया। आरोप है कि हालत बिगड़ने पर समय पर उपचार नहीं दिया गया और रेफर करने में भी लापरवाही बरती गई। हंगामे के दौरान डॉक्टर व अस्पताल के स्टाफ मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजन को शांत कराया।
विज्ञापन
अश्ववा गांव, थाना कपास, जनपद इटावा निवासी राशू भदौरिया की माला भदौरिया की कानपुर निवासी माला भदौरिया से एक साल पहले कोर्ट मैरिज हुई थी। मृतका के पति रेशू भदौरिया ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे प्रसव पीड़ा होने पर माला को उत्तम हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। दोपहर 12 बजे ऑपरेशन से डिलीवरी कराई गई, जिसमें उसने एक बेटी को जन्म दिया। इसके कुछ ही देर बाद प्रसूता की हालत बिगड़ने लगी।
आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान लापरवाही बरती गई। हालत गंभीर होने के बावजूद करीब एक बजे माला को फतेहाबाद स्थित जीएम हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। वहां पहले भर्ती करने से इनकार कर दिया गया। बाद में उत्तम हॉस्पिटल के डॉक्टर से बात होने पर भर्ती किया गया, लेकिन करीब 15 मिनट बाद ही माला की मौत हो गई।
विज्ञापन
हंगामे की सूचना पर पुलिस माैके पर पहुंची। वहां पर मौजूद परिजन को समझा बुझाकर शांत कराया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया गया। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। -शेषमणि उपाध्याय, एसीपी छत्ता