मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र में बुधवार की देर शाम सवारियां ले जा रहे टेंपो में ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में थाना एलाऊ क्षेत्र के मेरापुर गुजराती निवासी दो बच्चों सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज सैफई ले जाते समय दोनों बच्चों की मौत हो गई।
थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव मेरापुर गुजराती की रहने वाली शीला देवी पत्नी धर्मेंद्र कुमार बुधवार को भोगांव बाजार करने गईं थीं। उनके साथ 12 वर्षीय पुत्र आलोक रंजन और गांव निवासी स्वाती देवी पत्नी सतीश चंद्र, पांच वर्षीय वंशुल पुत्र सतीश चंद्र और अनीता देवी पुत्री रामप्रकाश भी थीं।
शाम सात बजे हुआ हादसा
शाम करीब सात बजे जब वह टेंपो में सवार होकर वापस गांव लौट रहे थे। गांव रुई के पास एलाऊ मार्ग पर नगला गुलाबी के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने टेंपो को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद अनियंत्रित टेंपो सड़क किनारे पलट गया।