आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा में नकल पकड़े जाने पर दो और परीक्षा केंद्रों को निरस्त कर दिया गया। दोनों केंद्र मैनपुरी के हैं, एक रामा महिला डिग्री कॉलेज, बाईपास रोड करहल और दूसरा श्री राजकुमार सिंह डिग्री कॉलेज ऑफ एजूकेशन, भगवतीपुर नवातेदा, करहल है। दो जून से इन केंद्रों पर होने वाली परीक्षाएं परिवर्तित केंद्रों पर कराई जाएगी। परीक्षा नियंत्रक की ओर से संबंधित नोडल केंद्र, परीक्षा केंद्र और जिन कॉलेजों के छात्र-छात्राओं के छात्र-छात्राओं के केंद्र बदले गए हैं, उन्हें जानकारी दे दी गई है।
क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. रेखा रानी की रिपोर्ट के आधार पर परीक्षा केंद्रों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव व मुख्य परीक्षा का कार्य देख रहे संजीव कुमार सिंह के मुताबिक रामा महिला डिग्री कॉलेज, बाईपास रोड करहल, मैनपुरी (कोड-399) की जगह श्री गंगा चरन मायादेवी महाविद्यालय, सनपुर बरनाहल, मैनपुरी (कोड 1064) को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परिवर्तित केंद्र पर रामा महिला डिग्री कॉलेज व एलएस महिला महाविद्यालय, करहल मैनपुरी के छात्र-छात्राओं की परीक्षा होगी।
वहीं, श्री राजकुमार सिंह डिग्री कॉलेज ऑफ एजूकेशन, भगवतीपुर नवातेदा, करहल मैनपुरी की जगह एसएस कॉलेज ऑफ एजूकेशन, मीठेपुर करहल को केंद्र बनाया गया है। परिवर्तित केंद्र में श्री राजकुमार सिंह डिग्री कॉलेज ऑफ एजूकेशन के अलावा एसके साइंटिफिक महाविद्यालय, करहल के छात्र-छात्राओं की परीक्षा होगी।