उत्तर प्रदेश के आगरा में केमिकल फैक्टरी में आग लगने से 20 वर्षीय युवक जिंदा जल गया। उसकी लाश फैक्टरी के अंदर पड़ी मिली। घर वालों को जानकारी हुई तो रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। मौका मुआयना करके जानकारी जुटाई। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
घटना रकाबगंज थाना क्षेत्र के छिपीटोला स्थित केमिकल फैक्टरी की है। यहां मंगलवार की दोपहर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। हादसे के बाद फैक्टरी में भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इसी बीच ताजगंज निवासी ओमप्रकाश का बेटा कृष्णा (20) आग की चपेट में आकर जिंदा जल गया। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। बेटे के लौट आने की आस में टकटकी लगाए बैठे थे। बुधवार की तड़के जानकारी हुई कि कृष्णा की लाश फैक्टरी के अंदर पड़ी हुई है। खबर पाकर वह भागते हुए फैक्टरी पहुंचे। सूचना पर पुलिस व फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने मौका मुआयना करके जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।