मैनपुरी। गांव परौंख के पास मंगलवार की देर रात दो ट्रकों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रक के चालक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक के शव को मोर्चरी में रखवाया। परिजनों के आने के बाद बुधवार को पोस्टमार्टम कराया गया।
जनपद कन्नौज के थाना विशुनगढ़ क्षेत्र के गांव मटैना निवासी 45 वर्षीय सतेंद्र सिंह ट्रक चालक थे, मंगलवार को वह ट्रक लेकर कानपुर के लिए रवाना हुए। देर रात करीब 12:30 बजे ट्रक जब कोतवाली क्षेत्र में गांव परौंख ईशन नदी पुल के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई। हादसे में सतेंद्र घायल हो गया जबकि दूसरे ट्रक का चालक व खलासी भाग गए। पुलिस ने घायल सतेंद्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से आगरा रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही सतेंद्र ने दम तोड़ दिया। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया।