भोगांव। गांव विरायमपुर निवासी ट्रक चालक 27 मार्च को गोरखपुर में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। मंगलवार को हायर सेंटर ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। बुधवार को भोगांव पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
थाना क्षेत्र के गांव विरायमपुर निवासी 32 वर्षीय हरिओम प्रसाद ट्रक चालक था। 27 मार्च को वह दिल्ली से माल लादकर आसाम के लिए रवाना हुआ था। गोरखपुर में एक डीसीएम और ट्रैक्टर से टक्कर हो गई थी। हादसे में हरिओम घायल हो गया था। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजन भी गोरखपुर पहुंच गए थे। मंगलवार को हालत में सुधार न होता देख परिजन दिल्ली ले जा रहे थे रास्ते में ही हरिओम ने दम तोड़ दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजन को सौंप दिया गया।