उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में ट्रक की रफ्तार ने छात्रा और एक महिला की जान ले ली। ट्रक ने पहले छात्रा को रौंदा और उसके बाद कुछ आगे चलकर बाइक सवार देवर-भाभी को कुचल दिया। हादसे में छात्रा और महिला की मौत हो गई। वहीं देवर की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं लोगों ने आरोपी ट्रक चालक को दबोच लिया, जिसे मौके पर पहुंची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव लालपुर सगोनी निवासी रागिनी राजपूत (18) आईटीआई की छात्रा थी। बुधवार की दोपहर वह साइकिल से आइटीआई आ रही थी, तभी एफसीआई गोदाम के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की बाद ट्रक चालक ने गाड़ी को और तेज दौड़ा दिया। करहल चौराहा के पास एक बाइक सवार देवर-भाभी को टक्कर मार दी। हादसे में रमा चौहान (26) की घटनास्थल पर ही मौत हो गति। देवर संदीप घायल हो गया।
मैनपुरी इटावा मार्ग पर ट्रक से दो हादसों के बाद जाम के हालत बन गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जाम को खुलवाकर मार्ग का आवागमन सुचारू कराया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है।