हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया ट्रक
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जनपद में शुक्रवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कुरावली क्षेत्र में जीटी रोड पर गांव सराय लतीफ के पास गुरुवार की देर रात टायर पंचर होने के बाद एक ट्रक अनियंत्रित होकर हाईटेंशन लाइन से छू गया। ट्रक में करंट प्रवाहित होते ही खलासी ने कूद अपनी जान बचाई। वहीं चालक की मौके पर ही मौत हो गई, तीव्र करंट के चलते ट्रक में आग लग गई। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग को बुझाया। पुलिस ने चालक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जनपद हाथरस के थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव पोरा निवासी 26 वर्षीय आशीष कुमार उर्फ पिंटू ट्रक चालक था। गुरुवार को वह कानपुर से ट्रक लेकर नोएडा के लिए रवाना हुआ था। देर रात करीब 12:30 बजे ट्रक जब थाना क्षेत्र की सीमा में जीटी रोड पर गांव सराय लतीफ के पास पहुंचा। तभी अचानक ट्रक का टायर पंचर हो गया। चालक गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। एचटी लाइन में ट्रक छूने के साथ ही तीव्र करंट प्रवाहित हो गया। खलासी विनोद कुमार निवासी गावं चांदपुर ने कूद कर जान बचाई। वहीं चालक आशीष करंट की चपेट में आ गया। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। केबिन में करंट के चलते आग लग गई। वहीं कुछ ही देर में ट्रक भी जलने लगा। सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र नाथ मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग की गाड़ियों ने ट्रक में लगी आग को बुझाया। इसके बाद पुलिस ने चालक के शव को बाहर निकालने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई। कुछ देर बाद रोते बिलखते परिजन पोस्टमार्टम गृह पहुंच गए।
करंट और आग में घिर गया चालक
हादसे के वक्त देखते ही देखते हाईटेंशन लाइन का तीव्र करंट ट्रक में प्रवाहित हो गया। लेकिन इससे पहले ही किसी तरह खलासी ट्रक से कूद गया और जान बचा ली। लेकिन चालक आशीष को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। करंट के चलते केबिन में आग लग गई। देखते ही देखते करंट व आग के बीच घिरे आशीष ने दम तोड़ दिया। चालक का शव भी बुरी तरह से जल गया था।