मैनपुरी। शिक्षा निदेशक के आदेश से स्थानांतरित होने के बाद भी सात महीने से जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में डेरा डाले प्रधान सहायक को आखिरकार कार्यालय छोड़ना ही होगा। हाईकोर्ट के आदेश के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने उनको रिलीव करने की तैयारी शुरू कर दी है। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक ने संयुक्त शिक्षा निदेशक आगरा मंडल को पत्र लिखा है।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में तैनात प्रधान सहायक कौशलेंद्र कुमार मिश्र का स्थानांतरण 29 जून 2019 को निदेशक माध्यमिक शिक्षा के निर्देश पर मथुरा जनपद के लिए किया गया था, लेकिन उन्हें यहां से कार्यमुक्त नहीं किया गया। कौशलेंद्र मिश्र के खिलाफ जिले के लोगों ने कई बार शिकायत भी की, लेकिन जिला विद्यालय निरीक्षक ने उन शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया। बचाव में कौशलेंद्र कुमार मिश्र ने अपने स्थानांतरण के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की। हाईकोर्ट ने इस याचिका का निस्तारण करते हुए अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक को पत्र लिखा। इसमें 15 दिन के अंदर कौशलेंद्र कुमार मिश्र को स्थानांतरित जगह पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए।
हाईकोर्ट ने अपर शिक्षा निदेशक को स्थानांतरित जगह पर कार्यभार ग्रहण करने के बाद उनकी प्रत्यावेदन पर विचार करने के निर्देश भी दिए हैं। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने उनके स्थानांतरण की तैयारी शुरू कर दी है।
24 जनवरी को जेडी ने भी लिखा था पत्र
कौशलेंद्र कुमार मिश्र के स्थानांतरण के बाद भी जनपद में डेरा डाले होने की शिकायत मुख्यमंत्री से भी की गई थी। मुख्यमंत्री प्रकरण का संज्ञान लेने के बाद संयुक्त शिक्षा निदेशक आगरा मंडल ने 24 जनवरी को जिला विद्यालय निरीक्षक मैनपुरी को पत्र लिखकर कार्यमुक्त किए जाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी उनको जिले से रिलीव नहीं किया गया।
कौशलेंद्र कुमार मिश्र ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर रखी थी। इसके चलते उनका स्थानांतरण नहीं किया जा सका। संयुक्त शिक्षा निदेशक ने हाईकोर्ट के निर्देश का संज्ञान दिया गया है। इसी सप्ताह कौशलेंद्र कुमार मिश्र को कार्यमुक्त भी कर दिया जाएगा।
रघुराज सिंह पाल, प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक