आगरा। ताज महोत्सव के उद्घाटन से पहले यातायात पुलिस ने फतेहाबाद रोड और आसपास के इलाकों में जाम से निपटने के लिए कमर कस ली है। महोत्सव स्थल के बाहर वाहनों की पार्किंग करने वाले होटलों और मैरिज होम के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह कदम महोत्सव में आने वाले मेहमानों को सुगम यातायात अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
इस बार शिल्पग्राम में मरम्मत कार्य की वजह से ताज महोत्सव का आयोजन फतेहाबाद रोड पर ''''आई लव आगरा'''' सेल्फी प्वाइंट के पास नए मैदान में हो रहा है। महोत्सव मंगलवार से प्रारंभ हो जाएगा। फतेहाबाद रोड पर निर्माण कार्य और शादी समारोहों के कारण लगने वाले जाम से बचाव यातायात पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती है। डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने बताया कि महोत्सव क्षेत्र के सभी मैरिज होम्स और होटलों को पहले ही चेतावनी दी गई है। समारोह के दौरान परिसर के बाहर वाहन पार्किंग की गई, तो चालान काटे जाएंगे और उन्हें जब्त भी किया जाएगा। इस संबंध में डीसीपी सिटी को एक पत्र भेजा गया है। देर रात तक यातायात पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे और जाम की समस्या को रोकने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। वीआईपी के आगमन के लिए रोहता से शमशाबाद रोड का मार्ग चिह्नित किया गया है। प्रवेश व निकासी के लिए भी अलग-अलग मार्ग तय किए गए हैं।