आगरा। शहर की सड़कों पर रविवार को परीक्षार्थियों व पर्यटकों के सैलाब और पुलों के निर्माण कार्य के कारण जाम लगा रहा। दिनभर हजारों वाहन सड़कों पर जाम में फंसकर रेंगते रहे। फतेहाबाद रोड, आईएसबीटी, यमुना किनारा रोड, शाहगंज, बोदला, एमजी रोड, दीवानी से भगवान टाकीज और आगरा कॉलेज से सेंट जोंस चौराहे तक जाम से लोग जूझते रहे।
सहायक अध्यापक की परीक्षा में 20 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी और उनके अभिभावकों के कारण एमजी रोड और परीक्षा केंद्रों के पास वाहनों की पार्किंग से जाम लग गया। सुबह से ही आसपास के जिलों और शहर के अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे तो सड़कों पर जाम लगा रहा। सुबह 10 बजे के बाद ताजमहल के दीदार के लिए पर्यटक आए तो फतेहाबाद रोड पर मुगल होटल से टीडीआई मॉल के बीच जाम से लोगों को जूझना पड़ा। मेट्रो के कार्य के कारण केवल एक लेन पर ही ट्रैफिक निकल रहा है। यमुना किनारा रोड पर वाहन दिनभर रेंगे। यहां पानी की लाइन बिछाने के कारण जाम लगा, जबकि शाहगंज और बोदला के साथ एमजी रोड पर पूरे दिन जाम से लोगों को परेशान होना पड़ा। पुलिस ने परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों और ताज के लिए आए पर्यटकों की भीड़ से निपटने के लिए इंतजाम नहीं किए।