आगरा में कोरोना वायरस की दूसरी लहर का असर दिखने लगा है। सोमवार को कोरोना संक्रमित एक मरीज की मौत हो गई, जबकि 23 नए मरीज मिले। इस साल एक दिन में इतने मरीज पहली बार मिले हैं। इससे पहले दिसंबर में एक दिन में इससे ज्यादा 29 मरीज मिले थे।
कोरोना से जिस मरीज की मौत हुई, वह नगला वृंदावन कोटली बगीची का रहने वाला था। 50 वर्षीय मरीज हृदय रोग से भी ग्रस्त था। जिले में यह 177वीं मौत है। जिलाधिकारी पीएन सिंह ने बताया कि 23 नए मरीज और मिले हैं। ये इस साल मिले एक दिन में सबसे ज्यादा मरीज हैं।
अब कुल संक्रमितों की संख्या 10700 पर पहुंच गई है, इसमें से 177 की मौत हो चुकी है। 10395 मरीज ठीक हो चुके हैं। अभी 128 मरीजों का इलाज चल रहा है। जिले में कुल 6.22 लाख लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है। संक्रमण दर 1.71 फीसदी और स्वस्थ होने की दर 97.14 फीसदी है।
ये नए कंटेनमेंट जोन
आनंद पुरम कॉलोनी शाहगंज, पुरम शीलता रोड खंदारी, अयोध्या कुंज दयालबाग, धीर नगर मारुति स्टेट, गोबर चौकी ताजगंज, ईदगाह कुतलूपुर इंद्रा कॉलोनी, केबी नगर खेरिया मोड़, कमला नगर, मोहनपुरा, न्यू सुभाष नगर, प्रताप नगर, रेणुका बाग कमला नगर, शिवाजी नगर, ककौआ आगरा, राजनगर फतेहाबाद।