मथुरा के कस्बा नौहझील के बाजना तिराहे पर शनिवार को गिट्टी से भरे डंपर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। जिससे बाइक से गिरकर बच्चा डंपर के पहिये के नीचे आ गया। मासूम बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर भागने लगा। लोगों ने उसे पकड़कर पिटाई कर दी। इसके बाद पुलिस कौ सौंप दिया।
जानकारी अनुसार कस्बा नौहझील निवासी भट्ठा व्यवसायी व रेडीमेड शोरूम संचालक अनिल अग्रवाल का तीन वर्षीय इकलौता पुत्र विनय अपने चाचा विपिन के साथ बाइक से रेडीमेड शोरूम पर जा रहा था, तभी कस्बा के बाजना तिराहे पर शेरगढ़ से बाजना की तरफ जा रहे गिट्टी भरे डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से बाइक पर सवार बच्चा डंपर के नीचे आ गया और उसके ऊपर से पहिया गुजर गया। हादसे में घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। परिजन बच्चे को तुरंत सीएचसी नौहझील ले गये, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।