एसीपी फतेहाबाद अनिल कुमार ने बताया कि थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव पिन्नापुरा निवासी निहाल सिंह अपने चाचा बच्चू सिंह के साथ तहसील से खेत बेचकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। तभी गांव से पहले अपाचे सवार तीन बदमाशों ने उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर आठ लाख रूपये की लूट की घटना को अंजाम दिया गया था।
जिसमें पीड़ित किसान की तहरीर पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी की दर्ज की गई थी। इसी क्रम में फतेहाबाद, थाना डौकी पुलिस टीम तथा सर्विलांस/एसओजी टीम पूर्वी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मंगलवार की रात मुखबिर की सूचना पर प्रतापपुरा मोड़ भरापुर अंडरपास के पास से तीनों आरोपियों को घेर लिया।
इस दौरान आरोपी वेद प्रकाश पुत्र छोटेलाल, श्यामू पुत्र नेमीचंद्र और रवीन्द्र पुत्र पप्पू निवासी महल बादशाही थाना बमरौली कटारा ने भागने का प्रयास किया।पुलिस के मुताबिक वेद प्रकाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें वेद प्रकाश के पैर में गोली लग गई।
घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचा 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल, ग्राम पिन्नापुरा की लूट से संबंधित 4 लाख 500 रुपये तथा थाना डौकी के मुकदमा संख्या 0174/25 से संबंधित सफेद व पीली धातु के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।