कासगंज। जिले में केंद्र सरकार की पुर्नोत्थान वितरण क्षेत्र योजना के तहत तीन नए बिजली उपकेंद्र बनाए जाएंगे। विद्युत विभाग ने इन बिजली घरों के निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव बनाकर भेज दिया है। इन बिजली घरों के बनने के बाद तीन सौ गांवों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
केंद्र सरकार ने बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुर्नोत्थान वितरण क्षेत्र योजना योजना लागू की है। इस योजना के लागू हो जाने के बाद बिजली की समस्या का काफी हद तक निदान हो जाएगा। जिले में वर्तमान में जो उपकेंद्र हैं उनपर काफी लोड है। ओवर लोड के चलते बिजली की काफी समस्या रहती है। गर्मी के दिनों में तो स्थिति और खराब हो जाती है। शासन से जो रोस्टर निर्धारित है उसके आधार पर न तो शहरी क्षेत्र को ही बिजली मिल पाती है और न हीं ग्रामीण क्षेत्रों को। ऐसे में लोग बिजली की समस्या के चलते काफी परेशान रहते है।
बिजली विभाग ने इस योजना के तहत जिला में तीन नए 33/11 उपकेंद्रों के प्रस्ताव बनाकर भेजे हैं। इसके अलावा जर्जर लाइनों, बिजली घरों के फीडरों के उपकरणों को बदलने सहित अन्य प्रस्ताव भी बनाकर शासन को भेजे गए हैं। यदि शासन से इन प्रस्तावों को मंजूरी मिल गई तो जिला में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था काफी बेहतर हो जाएंगी।
योजना के तहत ये हो सकते हैं कार्य
नई योजना के तहत नए 33/11 केवी उपकेंद्रों का निर्माण, ओवरलोड 33/11 केवी उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि, एलटी लाइनों पर एबी केबलिंग, 33 केवी व 11 केवी के फीडरों का विभक्तिकरण, जर्जर तारों को बदलने का कार्य, नए 11 केवी फीडरों का निर्माण, ओवर लोड ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता वृद्धि, ओवरलोडिंग समाप्त करने के लिए नए ट्रांसफॉर्मर लगाने का कार्य आदि किए जा सकते है।
इन स्थानों पर बनेंगे उपकेंद्र
पटियाली क्षेत्र के भरगैन, अमांपुर क्षेत्र के टोडरपुर, कासगंज क्षेत्र के भैसोरों में नए उपकेंद्र बनाने के प्रस्ताव भेजे गए हैं। जनपद में तीन नए उपकेंद्र बनाने के प्रस्ताव सहित अन्य कार्य के प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिए गए हैं। शासन से मंजूरी मिलने के बाद डीपीआर बनाकर भेजी जाएगी। - पीएम प्रभाकर, एसई विद्युत विभाग