आगरा/बरहन। जिले में बुखार से दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। यमुनापार के महावीर नगर में नौ साल के शौर्य मिश्रा पुत्र श्यामशंकर मिश्रा की बुखार से मौत हो गई। इनके परिजन रमाशंकर मिश्रा ने बताया कि बच्चे को तीन दिन से बुखार आ रहा था।
पास के ही चिकित्सक से इलाज चल रहा था। मंगलवार की देर शाम बच्चे की हालत बिगड़ गई। उसे दिल्ली लेकर जा रहे थे कि रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बेटे की मौत पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इसकी मां ज्योति बेसुध है।
दूसरी ओर सेंट थॉमस स्कूल के कक्षा सात-बी के विद्यार्थी आर्यन यादव की बुधवार सुबह 10 बजे बुखार की वजह से मौत हो गई। वह बाईंपुर, सिकंदरा के रहने वाले थे। स्कूल की वेबसाइट पर प्रधानाचार्य फादर रॉय डोल्फस की ओर से शोक संवेदना डाली गई है।
बरहन के गांव बास गुमान सिंह निवासी अनार सिंह की पुत्री कुमारी प्रज्ञा (19) की बुखार से एसएन मेडिकल कॉलेज में बुधवार को मौत हो गई।