सैंया/लादूखेड़ा। ट्रक में सवार होकर गुलाब बेचने सिवनी, मध्य प्रदेश जा रहे सैंया के तीन किसानों की लोहे की सिल्ली के नीचे दबने से मौत हो गई। मृतकों में मामा-भांजे भी शामिल हैं। जबकि एक किसान घायल हो गया। जिसे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसा रविवार की रात डबरा के समीप हुआ।
मृतकों में टिंकू कुशवाह (20) निवासी कुकावर, सैंया, उनके मामा सोनपाल (32) और चंदन सिंह (30) निवासी रामपुरा, सैंया है। जबकि करतार (22) घायल हो गया। परिजनों के मुताबिक चंदन, सोनपाल, कन्हैया, करतार सिंह और टिंकू गुलाब की खेती करते हैं। ये पांचों लोग रविवार की शाम करीब पांच बजे गुलाब बेचने के लिए सिवनी जाने को घर से निकले थे। सैयां पहुंच कर पांचों लोग एक ट्रक को रोककर उस पर सवार हो गए। ट्रक में लोहे की सिल्ली लदी हुई थी।
डबरा, मध्य प्रदेश के समीप स्पीड ब्रेकर पर चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। इस पर लोहे की सिल्ली खिसक गई। जिसके नीचे दबने से टिंकू, चंदन सिंह और सोनपाल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि करतार सिंह घायल हो गया। आगे बैठे होने के कारण कन्हैया बच गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम कराया। कन्हैया हादसे की तहरीर डबरा थाने में दी है। सोमवार शाम करीब चार बजे शव रामपुरा पहुंचे, तो परिजन बिलख पड़े। देर शाम शवों को अंतिम संस्कार कर दिया गया।
हादसे में जान गंवाने वाला कुकावर गांव का टिंकू कुशवाह अपने मामा सोनपाल के यहां कुछ दिन पहले ही खेती कराने रामपुरा आया था। परिजनों ने बताया कि हादसे में मृत चंदन और टिंकू अविवाहित थे। जबकि सोनपाल के दो बेटियां और एक बेटा है।