यमुना किनारे खड़े ग्रामीण और पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद जिले के थाना नगला सिंघी क्षेत्र में रविवार दोपहर को तीन बच्चे यमुना नदी में डूब गए। इनमें दो सुरक्षित बच गए हैं। एक बालक का पता नहीं चला है। पुलिस गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश में जुटी है। उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक थाना नगला सिंघी के गांव बजहेरा निवासी भूरी सिंह का 10 वर्षीय पुत्र रोकी और गांव का नौ वर्षीय राहुल बकरियां चराने गए थे। इनके साथ गांव निवासी शम्भूनाथ का 10 वर्षीय भांजा जितेंद्र भी था। ये तीनों दोस्त हैं।
रोकी और राहुल यमुना में नहाने के लिए उतर गए। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चल गए और डूबने लगे। यह देखकर जितेंद्र उन्हें बचाने के लिए यमुना में कूद गया। उसने रोकी को बाहर निकाल दिया। राहुल भी बच गया, लेकिन जितेंद्र नदी की तेज धार में बह गया।
सूचना पर ग्रामीण और तीनों बच्चों के परिजन यमुना किनारे पहुंच गए। घटना की सूचना देने के करीब डेढ़ घंटे बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ने बताया कि गोताखोरों की मदद से यमुना में डूबे बालक की तलाश की जा रही है।