मैनपुरी। शहर के पंजाबी काॅलोनी में रहने वाले एक गल्ला व्यापारी के पुत्र को जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी के पीछे रुपये के लेनदेन को लेकर वजह बताई गई है। व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने हरियाणा के रहने वाले नामजद के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के पंजाबी काॅलोनी निवासी अशोक कुमार गोयल ने बताया कि वह गल्ले के थोक व्यापारी हैं। उनसे रमेश चंद्र निवासी निगधू भोला खालसा जिला करनाल हरियाणा ने धान की खरीद की थी। खरीद फरोख्त लेकर रुपये का लेनदेन बकाया है। इसको लेकर न्यायालय में मुकदमा भी चल रहा है। छह जून को इसमें तारीख थी। पांच जून की सुबह उनके पुत्र मयूर गोयल के पास रमेश ने फोन किया।
फोन पर मुकदमे में गवाही न देने की बात ही। मना करने पर गालीगलौज करते हुए उसे व परिवार को जान से मारने की धमकी दी। धमकी दिए जाने की रिकार्डिंग भी उनके पास मौजूद है। धमकी मिलने के बाद व्यवसायी व उनके परिजन भयभीत हैं। अशोक गोयल की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच प ड़ताल शुरू कर दी है।