भोगांव। गांव मिसौरा में एक भूखंड को लेकर दो पक्षों के विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस पर पथराव हो गया। पुलिस ने जब पकड़ने का प्रयास किया तो दोनों पक्ष एक दूसरे को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। चौकी इंचार्ज ने दोनों पक्षों के नौ नामित और 15 अज्ञात व्यक्तियों के नाम रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
आलीपुर खेड़ा के चौकी इंचार्ज अभिमन्यु मलिक द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा गया है कि बृहस्पतिवार की रात लगभग साढ़े 8 बजे पर पुलिस को सूचना मिली कि गांव मिसौरा में दो पक्ष एक भूखंड पर कब्जे को लेकर आमने सामने आ गए है। दोनों पक्ष अपने हाथों में लाठी डंडे, तलवार लेकर एक दूसरे पर जानलेवा हमला कर सकते हैं। ग्राम प्रधान सत्यपाल की सूचना पर तत्काल मौके पर पुलिस पहुंच गई। जब पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास करते हुए रोका तो दोनों पक्ष उग्र होते हुए एक दूसरे पर पथराव करने लगे।
पुलिस ने बचाव करने की कोशिश की तो पुलिस पर भी पथराव किया गया। इस दौरान एक पत्थर लीमा मोबाइल की बाइक पर आकर लगा जिससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। आरोपियों के हमलावर होने पर जब पुलिस के द्वारा सख्ती की गई तो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर एक दूसरे को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
पुलिस ने गांव वालों द्वारा दी गई जानकारी पर दीपक, अरविंद, सुधीर, मनीष, तिलक सिंह, शेरसिंह, देवेंद्र, मायाराम, राम लड़ैते सहित 10-15 अज्ञात व्यक्तियों के नाम रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक गगन कुमार गौड़ ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही नामित किए गए आरोपियों सहित अज्ञात झगड़ा करने वालों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।