आगरा में चोरी की घटनाएं रुक नहीं रही हैं। इस बार एक चोर ने आईपीएल क्रिकेटर तजेंद्र सिंह ढिल्लन के घर को निशाना बनाया है। चोर ने दिनदहाड़े घर में घुसकर स्मार्ट घड़ी, दो मोबाइल व अन्य सामान चोरी कर लिया। चोर की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच में जुट गई है।
थाना कमलानगर क्षेत्र के बल्केश्वर में आईपीएल क्रिकेटर तजेंद्र सिंह ढिल्लन का मकान है। शुक्रवार सुबह तकरीबन सात बजे एक युवक उनके घर में घुसा। उसने कमरे से स्मार्ट घड़ी, दो मोबाइल और पर्स चोरी कर लिया। चोरी हुए सामान की कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है। तजेंद्र ने बताया कि घटना उस वक्त हुई, जब उनकी मां गुरद्वारे गईं थीं।
दूसरे कमरे में सो रहे थे क्रिकेटर और उनके पिता
तजेंद्र और उनके पिता दूसरे कमरे में सो रहे थे। जब वे सोकर उठे तो घर में सामान बिखरा पड़ा देखा। कमरे में तजेंद्र की स्मार्ट घड़ी, मोबाइल फोन और पर्स रखा था। यह सामान कमरे में नहीं मिला। घर का दरवाजा खुला था। इस पर उन्होंने तुरंत सीसीटीवी फुटेज देखी तो चोरी का पता चला। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक घर में घुसता दिखाई दे रहा है।