कुसमरा (मैनपुरी)। नुनारी तिराहा के पास मंगलवार को एक युवक बाइक में पेट्रोल खत्म होने के बाद लोगों से मदद मांग रहा था। शक होने पर जब नंबर लेकर घरवालों से संपर्क किया तो पता चला कि युवक जालौन का रहने वाला है और तीन दिन से लापता है। पुलिस ने उसे चौकी पर बैठाने के साथ परिजन को सूचना दी है।
मंगलवार की सुबह जालौन के थाना सिरसा के गांव चकगैपरा निवासी दीपसागर बाइक से कुसमरा पहुंचा। उसकी बाइक में पेट्रोल खत्म हो गई तो वह नुनारी तिराहा के पास दुकान किए हुए लोगों से मदद मांगने लगा। दुकानदारों ने जब वजह पूछी तो उसने बताया कि वह भटक कर यहां आ गया है। दुकानदारों ने नाम-पता पूछने के बाद जब परिजन से संपर्क किया तो पता चला कि युवक तीन दिन से लापता है। उसकी गुमशुदगी भी दर्ज है। पुलिस युवक को चौकी पर ले आई। प्रभारी चौकी इंचार्ज शंकर सिंह ने बताया कि युवक को परिजन के आने के बाद सुपुदर्गी में दे दिया जाएगा।