मैनपुरी। पत्नी से झगड़े के बाद परेशान युवक ने बुधवार की रात जेल तिराहा के पास खुद को गोली मार ली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया। समाचार लिखे जाने तक घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला पजाबा निवासी 32 वर्षीय अजय कुमार की शादी करीब चार माह पूर्व जनपद इटावा के ऊसराहार निवासी विमलेश उर्फ पूनम के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही दोनों के बीच तकरार रहने लगी। इसके चलते अजय परेशान था, वह जेल तिराहा के पास ठेल लगाकर परिवार का भरण पोषण कर रहा था। बुधवार की रात भी उसका पत्नी से झगड़ा हो गया। जिसके बाद वह गुस्से में घर से बाहर निकल आया, जेल तिराहा पर अपने ठेल के पास पहुंच कर तमंचा से सीने में गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर कोतवाली भानू प्रताप का कहना है कि पुलिस जांच कर रही है, तहरीर मिलने के बाद मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।