कासगंज के सोरोंजी के हरि की पौडी पहुंचा पानी ।
- फोटो : KASGANJ
सोरोंजी। हरि की पौड़ी में गंगाजल की आपूर्ति का संकट कभी भी गहरा जाता है, लेकिन इस दिशा में स्थायी समाधान के लिए शासन, प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया है। अभी हरि की पौड़ी में 20 दिन से गोरहा नहर के माध्यम से जल की आपूर्ति नहीं हो सकी थी।
जल की कमी के कारण पानी में प्रदूषण बढ़ गया जो मछलियों के लिए जानलेवा साबित हुआ। लोगों के आक्रोश के बाद प्रशासन चेता तो मंगलवार की सायं हरि की पौड़ी में नरौरा से छोड़ा गया पानी गोरहा नहर के माध्यम से पहुंचना शुरू हो गया।
हरि की पौड़ी में नगर पालिका के द्वारा नलकूप के माध्यम से पानी की गुणवत्ता को सुुधारने के लिए लगातार पानी दिया जा रहा था। जो नाकाफी साबित हो रहा था। प्रदूषित पानी के कारण श्रद्धालु भी परेशान थे और उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हो रहीं थीं। इसके अलावा जलीय जीवों के जीवन पर संकट था। नगर पालिका अध्यक्ष मुन्नी देवी ने प्रदूषित पानी और जलापूर्ति की मांग को लेकर शासन प्रशासन में प्रयास किए।
इसके बाद नरौरा से गोरहा नहर में पानी सोमवार से छोड़ा गया। यह पानी मंगलवार की सुबह 5 बजे से हरि की पौड़ी में पहुंचना शुरू हो गया। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अरूण कुमार सिंह ने बताया कि नरौरा का पानी हरि की पौड़ी तक पहुंच गया है।