आगरा। राजा एसपी सिंह डिग्री कॉलेज, इटौरा में दूसरी पाली में भौतिक विज्ञान विषय की परीक्षा देने के लिए बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा 40 मिनट देरी से पहुंची। परीक्षा में शामिल नहीं करने पर छात्रा के पिता ने प्रभारी कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय से बात कर समस्या बताई। प्रभारी कुलपति ने छात्रा को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति के साथ 40 मिनट अतिरिक्त समय भी दिलाया।
छात्रा किरन कुमारी अपने पिता के साथ बाइक से परीक्षा देने जा रही थी। बारिश की वजह से बाइक फिसल गई। पिता को हल्की चोटें आईं। इसी वजह से केंद्र पर पहुंचने में देरी हुई। परीक्षा शुरू हो चुकी थी। परीक्षा प्रभारी अजय दीप सिंह ने नियमानुसार परीक्षा में बैठाने में असमर्थता जाहिर की। किसी से नंबर लेकर छात्रा के पिता ने कुलपति से बात की, छात्रा को परीक्षा में बैठाने के लिए निवेदन किया। मानवीय आधार पर प्रभारी कुलपति ने छात्रा को परीक्षा में शामिल कराया। छात्रा और उसके पिता ने कुलपति का आभार व्यक्त किया।